अलीगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अलीगढ़ की पहचान ताला नगरी, तालीम और तहजीब के रूप में होती थी। परिवार वादी और जातिवादी मानसिकता के लोग सत्ता में आने पर युवाओं को तमंचा पकडाते थे। हमने तमंचा संस्कृति को बंद किया। युवाओं के हाथों में टेबलेट दिए। अलीगढ़ के ताले का सही इस्तेमाल बीजेपी सरकार ने किया है। उत्तर प्रदेश में दंगों पर ताला लग गया है।

मुख्यमंत्री अलीगढ़ रविवार को भाजपा के मेयर प्रत्याशी प्रशांत सिंघल समेत जिले की सभी 18 नगर निकायों में अध्यक्ष, पार्षद, सभासद एवं सदस्यों के समर्थन में नुमाइश मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि त्योहार आने पर लोगों में भय और दहशत का माहौल पैदा हो जाता था। लोग लंबे समय तक कर्फ्यू झेलने के लिए मजबूर हो चुके थे। व्यापारियों का उद्योग और कारोबार ठप पड़ जाता था। आज आप अलीगढ़, उत्तर प्रदेश और भारत को बदलते हुए देख रहे हैं। पिछले 9 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के कारण भारत ने लंबी दूरी तय की है।

वैश्विक मंच पर बढ़ी भारत की प्रतिष्ठा

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। आज भारत के बारे में दुनिया की धारणा बदली है। भारत के नागरिकों को दुनिया में सम्मान की निगाह से देखा जा रहा है। एक ओर भारत की दुनिया में बढ़ती हुई प्रतिष्ठा दूसरी ओर भारत की सुरक्षित होती हुई सीमा है। आतंकवाद और उग्रवाद पर पूरी तरह लगाम लगाने की कोशिश भारत सरकार की जारी है।

पिछले 9 वर्षों में हुए इंफ्रास्ट्रक्चर के काम

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर के काम पिछले 9 वर्षों में हुए हैं। हाईवे, रेलवे, मेट्रो, एयरपोर्ट, आईआईटी जैसे संस्थान बनाए गए। करोड़ों लोगों को देश में आवास योजना, शौचालय की सुविधा का लाभ मिलता है। जनधन अकाउंट खोले जाते हैं और लोगों को देश में 5 लाख का राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिलता है। कोरोना काल में 3 वर्षों तक 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन की सुविधा मिली। बदलते हुए भारत में नया उत्तर प्रदेश आज पूरी तत्परता से प्रधानमंत्री मोदी के विजन को अपना चुका है।