बिजनौर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर बेहद संवेदनशील हैं। मुख्यमंत्री बीते छह साल से प्रदेश में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान को शीर्ष प्राथमिकता पर रखे हुए हैं। सीएम की मंशा को ध्यान में रखते हुए शनिवार को प्रदेश में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण महाभियान चलाया गया। राज्य में एक दिन में 30 करोड़ से ज्यादा पौधे रोपे गए। इस दौरान राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने छाता मथुरा में जबकि, सीएम योगी ने बिजनौर और मुजफ्फरनगर में गंगा किनारे पौधरोपण कर इस महाभियान का शुभारंभ किया।

योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर में विदुर कुटी आश्रम में कल्पवृक्ष का पौधा रोपित किया। इससे पूर्व विदुर कुटी में राजकीय संस्कृत इंटर कॉलेज की भूमि का शिलान्यास किया। उन्होंने 445 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मथुरा में पौधा लगाया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज व कौशांबी एवं ब्रजेश पाठक ने रायबरेली व बाराबंकी में पौधा लगाया।

पिछले छह वर्षों में 135 करोड़ पौधे रोपने वाली योगी सरकार इस वर्ष 35 करोड़ और पौधे लगाने जा रही है। इसमें 30 करोड़ पौधे 22 जुलाई शनिवार को रोपे गए। शेष पांच करोड़ पौधे 15 अगस्त के दिन लगाए जाएंगे। जब ये बड़े हो जाएंगे, तो ये पेड़ राज्य के लोगों को ऑक्सीजन देने के लिए पर्याप्त होंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए उत्तर प्रदेश में आज एक दिन में 30 करोड़ से अधिक पौधरोपण का कीर्तिमान बनाया गया है। ‘माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः’ के भाव को आत्मसात कर सभी 18 मंडलों-75 जनपदों में अपूर्व उत्साह-उमंग-उल्लास के साथ जन-जन ने इस पुनीत कार्य में सहभाग किया। आज का यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों को ‘स्वच्छ-समृद्ध-हरित’ परिवेश प्रदान करने में सहायक होगा। इस अभिनंदनीय योगदान के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संगठनों तथा शासन-प्रशासन सहित समस्त प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई-अभिनंदन।

उन्होंने कहा कि बिजनौर का इतिहास हजारों वर्ष पुराना है। ये महात्मा विदुर की पावन साधना स्थली है, जहां गंगापुत्र भीष्म ने भी अपना बाल्य जीवन व्यतीत किया था। ये वो भूमि है जहां पर भगवान श्रीकृष्ण ने दुर्योधन के मालपुए को छोड़कर महात्मा विदुर के घर सरसों का साग खाया था। क्योंकि महात्मा विदुर सात्विकता और लोक कल्याण का प्रतीक हैं।

सीएम योगी ने कहा कि महात्मा विदुर के इस पावन धरा को नमन करते हुए मैं बिजनौर वासियों को और उत्तर प्रदेश वासियों को वृक्षारोपण महाभियान की हृदय से बधाई देता हूं। आज वृक्षारोपण महाभियान के अवसर पर मुझे मां गंगा के तट और महात्मा विदुर की पावन साधना स्थली पर आप सबसे संवाद करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। मां गंगा केवल एक नदी नहीं बल्कि ये देव नदी हैं। यही नहीं हमारे यहां वृक्षों में भी देवताओं का वास बताया गया है।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, वनमंत्री अरुण कुमार सक्सेना, अपर मुख्य सचिव वन मनोज सिंह, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, प्रधान मुख्य वन संरक्षक ममता संजीव दुबे, पूर्व मंत्री अशोक कटारिया, जिला पंचायत अध्यक्ष साकेत प्रताप सिंह, विधायक सुशांत सिंह, सुचि चौधरी, अशोक राणा चौधरी, ओम कुमार, भाजपा के जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि सहित पार्टी के पदाधिकारीगण मौजूद रहे।