प्रधानमंत्री ने किया पोस्ट बजट वेबिनार को संबोधित

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पर्यटन मंत्रालय द्वारा आयोजित किए गए पोस्ट-बजट वेबिनार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत में पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाई देने के लिए लीक से हटकर सोचना होगा और दीर्घकालिक योजना बनानी होगी। उन्होंने कहा कि आज का ‘नया भारत नए वर्क कल्चर’ के साथ आगे बढ़ रहा है। इस बार भी बजट की खूब वाह-वाही हुई है। देश के लोगों ने इसे पॉजिटिव तरीके से लिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा भारत के संदर्भ में देखें तो टूरिज्म का दायरा बहुत बड़ा है। सदियों से हमारे यहां यात्राएं होती रही हैं, ये हमारे सांस्कृतिक-सामाजिक जीवन का हिस्सा रहा है। उन्होंने कहा कि जब संसाधन नहीं थे, तब भी कष्ट उठाकर लोग यात्राओं पर जाते थे। चारधाम यात्रा, द्वादश ज्योर्लिंग की यात्रा, 51 शक्तिपीठ की यात्रा, ऐसी कितनी ही यात्राएं हमारे आस्था के स्थलों को जोड़ती थीं। हमारे यहां होने वाली यात्राओं ने देश की एकता को मजबूत करने का भी काम किया है।