लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र ‘रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म’ को आत्मसात कर ‘नए भारत का नया उत्तर प्रदेश’ देश के ग्रोथ इंजन की भूमिका निभाने को तैयार है।

यूपी ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के दूसरे दिन शनिवार को सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अध्यात्म और ईको टूरिज्म में अपार संभावनाएं हैं। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के बन जाने से वाराणसी में प्रत्येक माह एक करोड़ पर्यटक आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्री राम मंदिर का निर्माण कार्य शुरू होने से 10 गुना पर्यटक बड़े हैं। नैमिष में भारत के वैदिक साहित्य का लेखन हुआ है। हस्तिनापुर में शुक तीर्थ का हम विकास कर रहे हैं। ब्रज तीर्थ बोर्ड के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि का विकास किया जा रहा है। इससे पर्यटकों को सुविधा मिलेगी।

देश में सबसे ज्यादा एयरपोर्ट वाला राज्य हो जाएगा यूपी

सीएम योगी ने कहा कि हमारे यहां 9 एयरपोर्ट संचालित हैं। दस पर कार्य प्रगति पर है। सभी एयरपोर्ट के संचालित हो जाने पर यूपी देश में सबसे ज्यादा एयरपोर्ट वाला राज्य हो जाएगा। उन्होंने कहा कि हम जलमार्ग नेटवर्क पर भी कार्य कर रहे हैं। पब्लिक ट्रांसपोर्ट में भी उत्तर प्रदेश में पिछले छह वर्षों में काफी कार्य हुए हैं। दिल्ली मेरठ रैपिड रेल जल्दी शुरू होने वाली है। प्रदेश के पांच शहरों में मेट्रो की सुविधा उपलब्ध है। एक्सप्रेसवेज़ के माध्यम से हम पूरे प्रदेश को जोड़ने में सफल रहे हैं।

प्रदेश का औद्योगिक माहौल बदला

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अपने निवेशकों की आवश्यकताओं का पूरा ध्यान रखता है। हमारी उद्योग अनुकूल नीतियों से प्रदेश का औद्योगिक माहौल बदला है। उद्योग जगत की जरूरतों के अनुसार 25 सेक्टोरल पॉलिसीज तैयार की गई हैं। राज्य सरकार प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप औद्योगिक विकास के लिए उद्यमियों को सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि डाटा सेंटर, इलेक्ट्रोनिक्स में भी संभावनाएं हैं।